धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ की छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना, कहा— लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम संगम है छठ महापर्व
कुनकुरी/रायपुर, 16 नवंबर 2026/ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट में उगते सूर्यदेव को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, खुशहाली और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। साथ ही उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं सहित सभी प्रदेशवासियों को महापर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
अपने विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच पूजा करना सौभाग्य की बात: मुख्यमंत्री घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के बीच छठ महापर्व में शामिल होकर भगवान सूर्यदेव की आराधना करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह महापर्व हमारी सनातन संस्कृति, अटूट लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम संगम है। सूर्य, जल और प्रकृति जीवन के आधार हैं, और यह पर्व हमें इनके प्रति श्रद्धा व आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। छठ पूजा में निहित पवित्रता, अनुशासन, संयम, तप और समर्पण की भावना भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को प्रतिबिंबित करती है।
सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनकुरी सहित पूरे जशपुर अंचल में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और इसे पूरे उत्साह व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि हमारी समृद्ध परंपराएं ही समाज को एकजुट रखने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से प्रदेश के प्रत्येक परिवार में शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे तथा सभी प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का संचार हो। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
