बदलते बस्तर की नई तस्वीर: सुकमा के 50 ग्रामीणों ने पहली बार किया ट्रेन से सफर, केवड़िया में पीएम मोदी के सामने देखी राष्ट्रीय एकता परेड

सुकमा:

बस्तर के बीहड़ों और नक्सल प्रभावित अंचलों से निकलकर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) तक पहुंची एक यात्रा ने बदलते सुकमा की नई और सकारात्मक तस्वीर पेश की है। सुकमा जिले के अंदरूनी गांवों के 50 ग्रामीणों ने पहली बार रेल यात्रा का अनुभव किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के साक्षी बने।

​समारोह के दौरान जब छत्तीसगढ़ पुलिस के डीआरजी (DRG) और एसटीएफ (STF) के जवानों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की छांव में अनुशासित कदमताल की, तो दर्शक दीर्घा में बैठे सुकमा के ग्रामीणों ने जोरदार तालियों की गूंज से जवानों का हौसला बढ़ाया।

​पहली बार ट्रेन का सफर, फिर राष्ट्रीय मंच का गौरव

​सुकमा के विभिन्न संवेदनशील इलाकों से चयनित इस दल में अधिकांश ग्रामीण ऐसे थे, जिन्होंने जिंदगी में पहले कभी ट्रेन नहीं देखी थी। गांव की पगडंडियों से निकलकर सीधे देश के सबसे बड़े राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का यह अनुभव उनके लिए किसी सपने जैसा रहा। ग्रामीणों ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का दीदार किया और गुजरात की संस्कृति व विकास को करीब से देखा।

​अपने रक्षकों को कदमताल करते देख गर्व से चौड़ा हुआ सीना

​ग्रामीणों ने बताया कि जिन डीआरजी और एसटीएफ के जवानों को वे अपने जंगलों और गांवों की सुरक्षा में तैनात देखते थे, उन्हें राष्ट्रीय मंच पर देश के सामने कदमताल करते देखना एक भावुक और गर्व से भर देने वाला पल था। ग्रामीणों ने कहा कि अपने क्षेत्र के जवानों को इस स्तर पर सम्मान पाते देख उनका विश्वास और मनोबल दोनों बढ़ा।

​सुकमा पुलिस की विशेष पहल

​इस शैक्षिक व सांस्कृतिक भ्रमण का आयोजन सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में किया गया। 50 सदस्यीय दल का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक (DSP) सपन चौधरी ने किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वनांचल के युवाओं और ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें देश के विकास की प्रत्यक्ष झलक दिखाना था।

​वापसी पर एसपी ने किया स्वागत

​गुजरात से लौटने के बाद सुकमा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सभी 50 ग्रामीणों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एसपी मयंक गुर्जर ने सभी सदस्यों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और उनके अनुभव साझा किए। ग्रामीणों ने सुकमा पुलिस और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे यादगार और प्रेरक यात्रा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *