भिलाई में दुर्ग रेंज के नवीन साइबर थाना भवन का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया लोकार्पण, साइबर अपराधों पर कसेगी नकेल

33.24 लाख की लागत से बने भवन से दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के पीड़ितों को मिलेगी त्वरित राहत; रूआबांधा पुलिस चौकी व उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का भी उद्घाटन, ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ का आगाज

भिलाई/रायपुर, 24 नवंबर 2026/ प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को अपने दुर्ग प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थित उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष व किलकारी कक्ष का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पोस्टर विमोचन कर समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ का भी शुभारंभ किया।

दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा साइबर थाने का क्षेत्राधिकार मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना भवन के शुरू होने से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस साइबर थाने की स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से की गई है। इसका क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। नए भवन के संचालन से ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ठगी की त्वरित जांच, अपराधियों की पहचान तथा पीड़ितों को समय पर सहायता दिलाने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।

पुलिस अधोसंरचना को मिली नई मजबूती: रूआबांधा चौकी से लेकर किलकारी कक्ष तक का लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण प्रकल्पों का भी लोकार्पण किया:

  • उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल (15 लाख रुपये): पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-6 भिलाई में सीएसआर (CSR) मद से 15 लाख रुपये की लागत से उन्नत किए गए एकलव्य प्रशिक्षण हॉल से पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के प्रशिक्षण को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
  • काउंसलिंग एवं किलकारी कक्ष (10 लाख रुपये): जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से 10 लाख रुपये की लागत से परिवार परामर्श केंद्र में निर्मित काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष से पारिवारिक विवादों के निराकरण तथा महिलाओं व बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
  • नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा: इस नई चौकी के प्रारंभ होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं सहजता से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

युवाओं को नशे से दूर रखने ‘संकल्प अभियान’ की शुरुआत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च किए गए ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ के माध्यम से समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाई जाएगी और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *