रायपुर:
छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के नक्शे पर स्थापित करने और राज्य में नए उद्योगों की संभावनाएं तलाशने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर वहां भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम ‘SING फोरम 2026’ में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य सरकार वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां, प्राकृतिक संसाधन और निवेश के असीम अवसर प्रस्तुत करेगी।
CEO राउंडटेबल में प्रमुख निवेशकों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस फोरम के दौरान आयोजित ‘CEO राउंडटेबल’ में विशेष रूप से शामिल होंगे। इस बैठक में वे सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों तथा वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे। चर्चा के दौरान प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, आईटी, विनिर्माण, हरित ऊर्जा, खनिज और खाद्य प्रसंस्करण जैसे उभरते सेक्टरों में निवेश के अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
प्राकृतिक संसाधन और नई औद्योगिक नीति बनेगी आधार
सिंगापुर प्रवास पर रवाना होते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया के अग्रणी निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रदेश में प्रचुर खनिज व प्राकृतिक संसाधन, बेहतर अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उद्योग-अनुकूल नीतियां मौजूद हैं। SING फोरम के जरिए वैश्विक पूंजी और उन्नत तकनीक को छत्तीसगढ़ में आकर्षित करने का यह एक ठोस माध्यम बनेगा।
विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ का चयन यह दर्शाता है कि केंद्र स्तर पर भी राज्य की औद्योगिक और विकास संभावनाओं को प्रमुखता से देखा जा रहा है।
