दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले में बड़ा फैसला; पॉलिटेक्निक संस्थानों के आधुनिकीकरण के लिए QCI की रिपोर्ट जारी, डिजिटल रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और तकनीकी शिक्षा व रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में विभाग ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), अडानी समूह और नांदी फाउंडेशन सहित चार प्रमुख संस्थाओं के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2026 के समापन अवसर पर यह पहल की गई। इसका सीधा मकसद युवाओं को आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक कौशल और कॉर्पोरेट एक्सपोजर देकर सीधे रोजगार से जोड़ना है।
कॉर्पोरेट दिग्गजों के साथ साझेदारी: किसे क्या मिलेगा लाभ?
- TCS कराएगा इंजीनियरिंग छात्रों को प्रशिक्षित: टीसीएस अपने सीएसआर (CSR) मद से इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को बिना किसी शुल्क के आधुनिक आईटी और कॉर्पोरेट तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगा।
- अडानी समूह से जुड़ेगा आईटीआई व पॉलिटेक्निक: अडानी समूह के साथ मिलकर आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग के छात्रों को कोर इंडस्ट्रियल ऑपरेशंस और हैंड्स-ऑन फील्ड ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे सीधे फैक्ट्रियों और तकनीकी प्रोजेक्ट्स में काम करने के योग्य बन सकें।
- नांदी फाउंडेशन तराशेगा सॉफ्ट स्किल्स: छात्रों के व्यक्तित्व विकास, अंग्रेजी संवाद (कम्युनिकेशन) और इंटरव्यू की तैयारी के लिए नांदी फाउंडेशन 48 से 50 घंटे का विशेष मॉड्यूल संचालित करेगा। बीते साल इस संस्था ने 6,000 से अधिक छात्रों को तैयार किया था।
- जंगल सफारी से जुड़े ट्रेड: युवाओं को टूरिज्म और वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट से जुड़े व्यावहारिक हुनर सिखाने के लिए नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी में विशेष ट्रेड प्रशिक्षण शुरू करने पर भी सहमति बनी है।
आईटीआई और पॉलिटेक्निक में चलेंगे AI और मशीन लर्निंग के कोर्स
पारंपरिक और अप्रासंगिक हो चुके सिलेबस को बदलते हुए तकनीकी शिक्षा विभाग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसे फ्यूचर-रेडी कोर्सेज शामिल कर रहा है। इससे प्रदेश के डिप्लोमा और आईटीआई छात्र राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों की मांग के अनुरूप तैयार हो सकेंगे।
QCI ने किया पॉलिटेक्निक कॉलेजों का थर्ड पार्टी ऑडिट
पॉलिटेक्निक संस्थानों में पढ़ाई और वर्कशॉप की जमीनी हकीकत परखने के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) से थर्ड पार्टी मूल्यांकन कराया गया। रोजगार मेले के समापन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इस रिपोर्ट का विमोचन किया। रिपोर्ट की सिफारिशों के आधार पर राज्य के पॉलिटेक्निक कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर और लैब को अपग्रेड करने का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
‘स्किल मार्केट’ बनेगा छत्तीसगढ़ का डिजिटल रोजगार पोर्टल
विभाग अपने मौजूदा डिजिटल रोजगार पोर्टल को एक सेंट्रलाइज्ड ‘स्किल मार्केट’ में बदलने की तैयारी कर रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर एक तरफ युवाओं का स्किल डेटा और रिज्यूमे होंगे, तो दूसरी तरफ औद्योगिक इकाइयां अपनी खाली पदों (वैकेंसी) की जानकारी साझा करेंगी। इससे युवाओं को बिचौलियों के बिना अपनी योग्यता के आधार पर सीधे इंटरव्यू और ऑफर लेटर मिलने में आसानी होगी।
