जशपुर के 5,957 बच्चों के सपनों को मिलेगी उड़ान: जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर को, जिले भर में बनाए गए 18 केंद्र

जशपुरनगर:

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST-2027) के माध्यम से कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए जशपुर जिले के 5,957 होनहार विद्यार्थी 28 नवंबर 2026 को अपनी प्रतिभा की परीक्षा देंगे। यह परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक जिले के सभी आठ विकासखंडों में निर्धारित 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के मेधावी बच्चों के लिए यह परीक्षा गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा प्राप्त करने का एक बड़ा अवसर है। नवोदय विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन और सर्वांगीण विकास की सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलता है।

सभी ब्लॉकों में बनाए गए 18 परीक्षा केंद्र

विद्यार्थियों को घर के नजदीक ही परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के बगीचा, दुलदुला, फरसाबहार, जशपुर, कांसाबेल, कुनकुरी, मनोरा और पत्थलगांव विकासखंडों में कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं। इससे बच्चों और अभिभावकों को लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

निष्पक्ष आयोजन के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, ढोढीडांड (जशपुर) प्रबंधन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के लिए कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचना प्रेषित कर दी गई है।

परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों में भी खासा उत्साह है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे बिना किसी तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *