जशपुर में झमाझम बारिश: एक ही दिन में 109.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज, मनोरा तहसील में सबसे ज्यादा मेहरबान हुए बदरा

जशपुरनगर।

जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है और खेती-किसानी के कार्यों में तेजी ला दी है। जशपुर जिले में 1 जून से शुरू हुए मानसून सीजन से लेकर 20 जुलाई 2026 तक कुल 2876.0 मिलीमीटर (मिमी) औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

​भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में बीते 24 घंटों (20 जुलाई) में औसतन 109.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

​10 सालों के औसत के मुकाबले 76.4 प्रतिशत हुई बारिश

​आंकड़ों पर गौर करें तो, जशपुर जिले में पिछले 10 वर्षों के दौरान 20 जुलाई तक की स्थिति में सामान्य औसत वर्षा 3764.0 मिमी रहती है। इसके मुकाबले इस वर्ष अब तक 2876.0 मिमी बारिश हो चुकी है। इसका सीधा मतलब है कि जिले में अब तक सामान्य की तुलना में 76.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो खरीफ फसलों के लिए एक अच्छा संकेत है।

​तहसीलवार बारिश का हाल (1 जून से अब तक)

​जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का वितरण असमान रहा है। जहां कुछ तहसीलों में जमकर बदरा बरसे हैं, वहीं कुछ इलाकों में बारिश थोड़ी कम रही है। 1 जून से लेकर 20 जुलाई तक हुई बारिश के तहसीलवार आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • मनोरा: 505.8 मिमी
  • सन्ना: 408.9 मिमी
  • कुनकुरी: 347.2 मिमी
  • जशपुर: 288.3 मिमी
  • पत्थलगाँव: 277.1 मिमी
  • कॉंसाबेल: 266.9 मिमी
  • दुलदुला: 237.9 मिमी
  • बगीचा: 210.0 मिमी
  • बागबहार: 172.2 मिमी
  • फरसाबहार: 161.7 मिमी

​मनोरा में सबसे अधिक वर्षा

​इस मानसून सीजन में अब तक मनोरा तहसील में बादलों की सबसे ज्यादा मेहरबानी देखने को मिली है। 1 जून से अब तक यहां सर्वाधिक 505.8 मिमी बारिश हो चुकी है। वहीं, बीते 20 जुलाई को भी जिलेभर में सबसे ज्यादा 61.1 मिमी वर्षा अकेले मनोरा तहसील में ही दर्ज की गई। इसके विपरीत, फरसाबहार तहसील में अब तक सबसे कम (161.7 मिमी) बारिश दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *