रायपुर/जशपुर:
छत्तीसगढ़ में किसानों की लागत घटाने और पर्यावरण अनुकूल सिंचाई तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनूठी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर बनी एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। सरगुजा संभाग की यह अपनी तरह की पहली नवाचारी परियोजना है, जिसमें बिजली, डीजल या सौर ऊर्जा के बिना केवल नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह की शक्ति से खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने योजना की कार्यप्रणाली और सिंचाई क्षमता का जायजा लेते हुए कहा कि यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे किसानों की डीजल और बिजली पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त होगी और खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बताया।
नदी के बहाव से घूमेगा टरबाइन, 17 लीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से चढ़ेगा पानी
- तकनीक: घुघरी नदी पर पूर्व निर्मित एनीकट से 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है, जो बहते पानी के दबाव से संचालित होता है।
- क्षमता: यह पंप नदी तल से 12 मीटर की ऊंचाई पर और 200 मीटर दूर स्थित वितरण टंकी तक 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाता है।
- वितरण प्रणाली: टंकी से पक्की नहरों व नालियों के जरिए सीधे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।
- हरित ऊर्जा: किसी भी बाहरी ऊर्जा स्रोत या ईंधन की आवश्यकता न होने से यह परियोजना शून्य कार्बन उत्सर्जन और जल संरक्षण का बेहतरीन उदाहरण है।
80 एकड़ क्षेत्र सिंचित, 135 किसान परिवारों को लाभ
₹2.68 करोड़ की लागत से तैयार इस परियोजना से क्षेत्र के लगभग 135 कृषक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि पर रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए बारहमासी सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसान साल में दो से तीन फसलें ले सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
