रायपुर/बलरामपुर:
जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के लिए शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076’ दूरदराज के ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही है। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत सुदूर ग्राम सोनहत निवासी राजेश कुमार कुशवाहा की समस्या का समाधान होने के बाद उनके घर सीधे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ‘विष्णु की पाती’ पहुँची है। लर्निंग लाइसेंस जारी होने के उपरांत मुख्यमंत्री ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से उन्हें शुभकामना पत्र भेजकर बधाई दी।
राजेश कुमार कुशवाहा ने लर्निंग लाइसेंस बनवाने के दौरान आ रही तकनीकी व प्रशासनिक दिक्कतों को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। हेल्पलाइन टीम और संबंधित परिवहन अमले ने शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई, जिसके बाद राजेश को उनका लर्निंग लाइसेंस प्राप्त हो गया।
पत्र में मुख्यमंत्री ने की सुरक्षित ड्राइविंग और नियमों के पालन की अपील
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भेजे गए पत्र में मुख्यमंत्री श्री साय ने राजेश और उनके परिवार को बधाई देते हुए लिखा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना ही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत इसी मंतव्य से की गई है ताकि गांव-गांव से आमजन अपनी बात सीधे शासन तक पहुंचा सकें। ऐसे फीडबैक से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाने में मदद मिलती है।
लर्निंग लाइसेंस मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री ने राजेश को वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बरतने, सुरक्षित ड्राइविंग सीखने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की सीख भी दी। हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करने के बाद न केवल काम पूरा हुआ बल्कि सूबे के मुखिया का व्यक्तिगत पत्र पाकर राजेश कुशवाहा और उनका परिवार अभिभूत है।
