जशपुर, 13 जुलाई 2026:
छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आज का दिन एक नया सवेरा लेकर आया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल और लगातार किए गए प्रयासों के बाद जशपुर को आखिरकार अपने पहले शासकीय मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल गई है।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने जशपुर-कुनकुरी में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए अपनी अंतिम मुहर लगा दी है।



शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होंगे दाखिले
आयोग द्वारा 12 जुलाई 2026 को जारी किए गए आधिकारिक लेटर ऑफ परमिशन (LoP) के अनुसार, इस नए मेडिकल कॉलेज में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही 50 एमबीबीएस सीटों पर विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह कॉलेज रायपुर के ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष विश्वविद्यालय’ से संबद्ध (Affiliated) होगा।
अब पढ़ाई और इलाज दोनों के लिए नहीं भटकना पड़ेगा बाहर
इस ऐतिहासिक फैसले से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं का डॉक्टर बनने का सपना अब उनके अपने गृह जिले में ही पूरा हो सकेगा। अब तक यहाँ के छात्रों को मेडिकल की उच्च शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।
स्थानीय स्तर पर मेडिकल कॉलेज खुलने के दूरगामी फायदे होंगे:
- विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता: मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले को जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलने लगेंगी, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बाहर नहीं भागना पड़ेगा।
- रोजगार के नए अवसर: संस्थान के संचालन से जिले में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
- स्वास्थ्य अवसंरचना में सुधार: कॉलेज से जुड़े अस्पताल के अपग्रेड होने से पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाएं अत्याधुनिक हो जाएंगी।
