कोतबा को मिली विकास कार्यों की सौगात: सतीघाट में ₹1.47 करोड़ की लागत से बनने वाले निर्माण कार्यों का विधायक गोमती साय ने किया भूमिपूजन

कोतबा (जशपुर)। नगर पंचायत कोतबा क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर पंचायत कोतबा के वार्ड क्रमांक स्थित सतीघाट में आज 1 करोड़ 47 लाख रुपये की कुल लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास व निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। पत्थलगांव विधायक व उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर इन विकास कार्यों की आधारशिला रखी।

सतीघाट पर आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने का संकल्प दोहराया गया। स्वीकृत राशि से क्षेत्र में अधोसंरचना निर्माण, नाली-सड़क व जनसुविधाओं से जुड़े अहम कार्य पूरे किए जाएंगे, जिससे वार्ड और आसपास के रहवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।

“जनसुविधाओं को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता” — विधायक गोमती साय समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि कोतबा नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा और स्थानीय नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। हमारा स्पष्ट संकल्प है कि क्षेत्र के विकास की गति रुकने न पाए और बुनियादी जनसुविधाओं को निरंतर और अधिक मजबूत बनाया जाए।”

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय पार्षद, विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी सहित वार्ड एवं आसपास के ग्रामीण व नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने सतीघाट क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे नगर के विकास में अहम कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *