रायपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय विमानतल, माना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे हैं।
माता कौशल्या की पावन धरा पर केंद्रीय गृह मंत्री का स्नेह संबल: सीएम साय
केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का विशेष स्नेह प्रदेशवासियों के लिए सदैव शक्ति, प्रेरणा और विश्वास का संबल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शांति बहाली, आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने और सर्वांगीण विकास के प्रति केंद्र सरकार और गृह मंत्री का निरंतर मार्गदर्शन मिल रहा है। उनके सतत सहयोग से राज्य सरकार का ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का संकल्प और अधिक सशक्त हो रहा है।
विमानतल पर उप मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
