रायपुर/सरगुजा:
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का मजबूत माध्यम बन रहा है। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुटकी की रहने वाली श्रीमती विनीता सिंह ने इस योजना के सहारे तंगहाली को पीछे छोड़ते हुए स्वरोजगार की सफल राह बनाई है। कभी ₹15,000 के छोटे से कर्ज से शुरू हुआ उनका सफर आज किराना दुकान, बकरी पालन और सब्जी उत्पादन तक फैल चुका है, जिससे वे ‘लखपति दीदी’ के रूप में क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
छोटी दुकान से रखी आत्मनिर्भरता की नींव
विनीता सिंह ने बताया कि पहले परिवार में आमदनी का कोई पक्का जरिया नहीं था, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी कठिन हो जाता था। इस बीच वे ‘शक्ति महिला स्व-सहायता समूह’ से जुड़ीं। समूह के सहयोग से उन्होंने सबसे पहले ₹15,000 का ऋण लेकर गांव में एक छोटी दुकान खोली। दुकान से नियमित आमदनी शुरू हुई, तो परिवार को संबल मिला और उनका हौसला बढ़ा।
व्यवसाय विस्तार और बकरी पालन से बढ़ी आय
दुकान के सफल संचालन के बाद विनीता ने समूह से ₹50,000 का दूसरा ऋण लिया। इस राशि से उन्होंने दुकान में माल बढ़ाया और साथ ही अतिरिक्त आय के लिए बकरी पालन भी शुरू किया। नियमित रूप से किस्तों की अदायगी और बेहतर वित्तीय अनुशासन के चलते समूह में उनकी साख मजबूत होती गई।
डेढ़ लाख का ऋण लेकर कराया बोर, शुरू की सब्जी की खेती
खेती के लिए पानी की कमी को देखते हुए उन्होंने तीसरा बड़ा कदम उठाया। समूह के माध्यम से ₹1.50 लाख का ऋण स्वीकृत करवाकर उन्होंने बोरवेल कराया। सिंचाई की पुख्ता व्यवस्था होने के बाद विनीता ने व्यावसायिक स्तर पर हरी सब्जियों की खेती शुरू की। किराना दुकान, बकरी पालन और सब्जी उत्पादन के त्रिकोणीय मॉडल से उनकी वार्षिक आय ₹1 लाख के पार पहुंच गई।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार
विनीता सिंह ने कहा कि बिहान योजना ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा किया, बल्कि समाज में मान-सम्मान और आत्मविश्वास भी दिया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
