बिहान योजना से जुड़कर बदली तकदीर, सालाना 1.30 लाख रुपये की कमाई के साथ नशामुक्ति अभियान में भी निभा रहीं अहम भूमिका
जशपुरनगर, 14 नवंबर 2026/ कभी चार लोगों के सामने अपनी बात रखने से झिझकने वाली जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पेटामारा (अंकिरा) की नीलम अवस्थी आज पूरे गांव के लिए बदलाव और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गई हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित ‘बिहान’ योजना से जुड़कर नीलम ने न केवल खुद को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया, बल्कि अचार निर्माण के व्यवसाय से सालाना लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये की आय अर्जित कर ‘लखपति दीदी’ का गौरव भी हासिल किया है।
बिहान योजना से मिली नई उड़ान नीलम के जीवन में बदलाव की शुरुआत जनवरी 2019 में हुई, जब वे बिहान योजना के तहत ‘रोहिणी स्वयं सहायता समूह’ से जुड़ीं और समूह की सचिव बनीं। शुरुआत में नियमित बैठकों में शामिल होकर उन्होंने बचत, ऋण प्रबंधन, हिसाब-किताब और आजीविका संचालन की बारीकियां सीखीं। समूह की अन्य महिलाओं के सहयोग और प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास लगातार बढ़ता गया।
बैंक लिंकेज और सीआईएफ राशि से खड़ा किया अचार का कारोबार व्यवसाय को विस्तार देने के लिए नीलम को समूह के माध्यम से बैंक लिंकेज के तहत 30 हजार रुपये तथा सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के रूप में 1 लाख 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस राशि का उपयोग करते हुए उन्होंने आम, अदरक, लहसुन और करेला जैसे विभिन्न प्रकार के अचार तैयार करने का व्यवसाय शुरू किया। गुणवत्ता और स्वाद के कारण उनके उत्पादों की मांग बाजार में तेजी से बढ़ी। इसके साथ ही स्कूल में मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी संभालने से उन्हें नियमित आय होने लगी, जिससे आज उनकी वार्षिक आमदनी करीब 1 लाख 30 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
सामाजिक जागरूकता और नशामुक्ति में सक्रिय योगदान आर्थिक मजबूती के साथ नीलम के व्यक्तित्व में भी बड़ा परिवर्तन आया है। विधानसभा भ्रमण के अवसर ने उनके अनुभव और सोच को नई दिशा दी। आज वे गांव की बैठकों में बेबाकी से अपनी बात रखती हैं और नशामुक्ति अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा वे राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने और अन्य महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
एकजुटता से आसान होती है सफलता की राह नीलम अवस्थी का मानना है कि जब महिलाएं एकजुट होकर आगे बढ़ती हैं, तो सफलता की राह आसान हो जाती है। बिहान योजना के माध्यम से मिले आर्थिक संबल और मार्गदर्शन ने उन्हें समाज में एक नई पहचान दिलाई है। उनकी यह यात्रा साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक स्वावलंबन के साथ सामाजिक बदलाव का नेतृत्व भी कर सकती हैं।
