पत्थलगांव के ऐतिहासिक पूरन तालाब छठ घाट पर तैयारियां तेज, एसडीओपी डॉ. धुर्वेश जयसवाल ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

भोजपुरी समाज की मांग पर घाट में तैनात होंगे गोताखोर, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद

पत्थलगांव, 14 नवंबर 2026/ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पत्थलगांव के ऐतिहासिक पूरन तालाब छठ घाट पर तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को एसडीओपी डॉ. धुर्वेश जयसवाल ने पूरन तालाब घाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ भोजपुरी समाज के अध्यक्ष धनंजय तिवारी, संरक्षक मनोज तिवारी, जितेन्द्र गुप्ता सहित समाज के अन्य युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पानी की गहराई और सुरक्षा पर विशेष फोकस, तैनात रहेगी गोताखोरों की टीम निरीक्षण के दौरान एसडीओपी डॉ. जयसवाल ने तालाब में पानी की गहराई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने घाट परिसर में चल रहे सजावट कार्यों की भी जानकारी ली। इस दौरान भोजपुरी समाज के पदाधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर घाट पर स्थायी रूप से गोताखोरों की टीम तैनात करने की मांग रखी।

एसडीओपी ने आश्वस्त करते हुए कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की टीम बुलाई जाएगी और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सफाई और सजावट में दिन-रात जुटा है भोजपुरी समाज भोजपुरी समाज के अध्यक्ष धनंजय तिवारी ने बताया कि समाज के कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से दिन-रात मेहनत कर घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन, आकर्षक लाइट-डेकोरेशन और चौक-चौराहों की सजावट में जुटे हुए हैं। छठ व्रतियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। गौरतलब है कि पत्थलगांव का पूरन तालाब छठ घाट क्षेत्र के सबसे बड़े आयोजन स्थलों में से एक है, जहां हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *