जशपुर में धान खरीदी की तैयारियां पूरी: 15 नवंबर से शुरू होगा उपार्जन, पहले ही दिन 462 किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ ऐप से कटाए टोकन

जशपुरनगर:

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू हो रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जशपुर जिले के किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। घर बैठे टोकन कटाने की डिजिटल सुविधा का लाभ उठाते हुए टोकन जारी होने की शुरुआत में ही किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ ऐप के जरिए अपनी उपज बेचने के लिए स्लॉट बुक कराने शुरू कर दिए हैं। 10 नवंबर को पहले दिन 7 किसानों ने 15 नवंबर की पहली तारीख के लिए 3 उपार्जन केंद्रों में कुल 51.20 मीट्रिक टन धान विक्रय का टोकन बुक कराया, जिसके बाद टोकन कटवाने वाले किसानों की संख्या तेजी से बढ़कर 462 तक पहुंच गई है।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले के सभी 49 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर ने सभी नोडल व उपार्जन प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केंद्रों पर बारदाना, तौल-कांटे, कंप्यूटर ऑपरेटर, पेयजल और छाया की पुख्ता व्यवस्था रखी जाए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

53,378 किसानों ने कराया पंजीयन, 2,474 नए किसान जुड़े

जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए रिकॉर्ड 53,378 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। बीते वर्ष यह आंकड़ा 50,904 था, यानी इस बार 2,474 नए किसान पंजीकृत हुए हैं। जिले में पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 91,515.12 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।

कुदमुरा, कोरंगामाल और चम्पा में 3 नए केंद्र

किसानों को लंबी दूरी तय करने से राहत देने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में इस वर्ष 3 नए उपार्जन केंद्र—कुदमुरा, कोरंगामाल और चम्पा स्थापित किए गए हैं। इन नए केंद्रों के खुलने से ग्रामीण इलाकों के किसानों के समय और परिवहन खर्च की बचत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *