‘निर्माण जशपुर’ ऐप की कार्यप्रणाली देखने पहुंची केंद्रीय टीम: जमीनी स्तर पर परखी डिजिटल मॉनिटरिंग, विकास कार्यों का किया स्थल निरीक्षण

जशपुरनगर:

लोक प्रशासन में देश की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों (Best Practices) के संकलन के तहत भारत सरकार की एक उच्चस्तरीय टीम ने जशपुर जिला प्रशासन की अभिनव डिजिटल पहल ‘निर्माण जशपुर’ ऐप का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिवालय के निदेशक श्री पार्थसारथी भास्कर देवरकोंडा एवं राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG) के यंग प्रोफेशनल्स की संयुक्त टीम ने जिले में पहुंचकर ऐप के जमीनी असर और उपयोगिता को परखा।

दौरे के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने केंद्रीय टीम को प्रेजेंटेशन के माध्यम से ‘निर्माण जशपुर’ ऐप की तकनीकी संरचना, कार्यप्रणाली और प्रशासनिक उपादेयता की विस्तार से जानकारी दी।

मौके पर जाकर देखी रियल-टाइम मॉनिटरिंग

समीक्षा के बाद केंद्रीय दल ने जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के कार्यस्थलों का सीधा दौरा किया। टीम ने मौके पर देखा कि किस प्रकार इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए निर्माण कार्यों की जियो-टैगिंग, भौतिक प्रगति और गुणवत्ता की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है।

पारदर्शिता और समयबद्धता का बना आधार

‘निर्माण जशपुर’ एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे जिले में स्वीकृत सभी विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्यों की सतत निगरानी के लिए तैयार किया गया है। ऐप के माध्यम से कार्यों में अनावश्यक लेटलतीफी पर रोक लगी है और वित्तीय व भौतिक पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

प्रशासनिक नवाचार और बेहतरीन डिजिटल गवर्नेंस के लिए इस ऐप को पूर्व में मुख्यमंत्री एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025-26 से भी सम्मानित किया जा चुका है। केंद्रीय टीम द्वारा इस सफल मॉडल का अध्ययन कर इसे अन्य राज्यों और जिलों में लागू करने योग्य नवाचार के रूप में संकलित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *