जशपुर के पंडरीपानी में SBI की नई शाखा शुरू: 60 गांवों को मिला सीधा बैंकिंग सहारा, 5 किमी दूर फरसाबहार जाने की मजबूरी हुई खत्म

जशपुर/फरसाबहार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत पंडरीपानी क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई शाखा के संचालन से अब स्थानीय स्तर पर ही व्यापक वित्तीय सेवाएं उपलब्ध होने लगी हैं। इस एक शाखा के खुलने से पंडरीपानी सहित आसपास के लगभग 60 गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनका समय और यात्रा खर्च दोनों बचेगा।

अब तक इस क्षेत्र के ग्रामीणों, व्यापारियों और किसानों को सामान्य बैंकिंग कार्यों, पासबुक एंट्री या नकदी निकासी के लिए भी करीब 5 किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता था। लंबी कतारों और आने-जाने में लगने वाले पूरे दिन की समस्या से अब ग्रामीणों को पूरी तरह निजात मिल गई है।

किसानों, महिलाओं और पेंशनधारियों को सबसे बड़ी राहत

पंडरीपानी शाखा के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को केसीसी (KCC), कृषि ऋण और शासकीय अनुदान से जुड़े लेन-देन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं, वृद्ध और दिव्यांग पेंशनधारियों को अपनी मासिक पेंशन लेने के लिए अब दूर का सफर तय नहीं करना होगा। स्थानीय व्यापारियों के लिए दैनिक नकद लेन-देन और डिजिटल सेवाएं सुगम हो गई हैं, जिससे ग्रामीण बाजार में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

लोन और आधुनिक वित्तीय सेवाएं अब दहलीज पर

इस नई शाखा में बचत खातों के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों के लिए होम लोन, कार लोन, शिक्षा ऋण और व्यवसाय संवर्धन से जुड़ी सभी बैंकिंग सुविधाएं शुरू कर दी गई हैं। युवाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी शिक्षा ऋण के लिए अब जिला मुख्यालय या दूर के कस्बों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

शाखा शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गांव के पास बैंक की सुविधा मिलने से रोजमर्रा के आर्थिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *