रायपुर/दुर्ग:
छत्तीसगढ़ की लाखों माताओं-बहनों के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मसम्मान को संबल देने वाली महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ ने एक और बड़ा पड़ाव तय कर लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में योजना की 32वीं किस्त सिंगल क्लिक के जरिए जारी की। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से 632 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई।
इसके साथ ही 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत प्रदेश की महिलाओं को अब तक कुल 20,708 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले की 3.89 लाख से अधिक महिलाओं को 37.19 करोड़ रुपये की मासिक किस्त जारी की।
दुर्ग जिले को ₹218.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दुर्ग जिले के समग्र विकास के लिए 218 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले 24 प्रमुख निर्माण कार्यों की सौगात दी। इनमें सिडबी क्लस्टर डेवलपमेंट फंड से ₹1.22 करोड़ की लागत से उन्नत आईटीआई (ITI) दुर्ग का लोकार्पण और ₹217.25 करोड़ के 23 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
1. मजबूत सड़क नेटवर्क और चौड़ीकरण:
- पुलगांव पुल से अंजोरा-रसमड़ा (SH-22): 5 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाने ₹30.20 करोड़ स्वीकृत।
- कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया (SH-21): चौड़ीकरण व मजबूतीकरण कार्य पर ₹24.06 करोड़।
- भिलाई-सिरसा-औंधी-औरी-मोतीपुर मार्ग: 15.50 किलोमीटर हिस्से के विकास हेतु ₹15.03 करोड़।
- भिलाई-तर्रा मुख्य जिला मार्ग: 15 किमी मजबूतीकरण के लिए ₹8.33 करोड़।
- मेडिकल कॉलेज से जुनवानी-कोहका मार्ग: ₹7.06 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण।
- जेवरा सिरसा से भटगांव व पौहा से खपरी: ग्रामीण मार्गों के लिए ₹8.25 करोड़।
2. सिंचाई एवं जल प्रबंधन सुदृढ़ीकरण:
- सुरपा व्यपवर्तन योजना, मोहंदी, कपसदा, नंदौरी, तिरगा, गनियारी तथा रिसाली-उमरपोटी जलाशयों के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग के लिए 30 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की नींव रखी गई।
- दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के तालाबों में निस्तारी जल आपूर्ति हेतु ₹4.93 करोड़ से कोटनी माइनर चैनल का निर्माण होगा।
3. स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा और युवा कौशल:
- शासकीय मेडिकल कॉलेज दुर्ग: छात्र-छात्राओं के लिए ₹16.16 करोड़ की लागत से नए छात्रावास का निर्माण।
- शासकीय जीएनएम (GNM) प्रशिक्षण केंद्र: जिला अस्पताल में ₹11.96 करोड़ की लागत से आधुनिक नर्सिंग परिसर।
- लाइवलीहुड कॉलेज व पॉलिटेक्निक: दुर्ग ग्रामीण में ₹4.11 करोड़ से लाइवलीहुड कॉलेज और शासकीय पॉलिटेक्निक में ₹8.86 करोड़ से अधोसंरचना विस्तार।
4. पाटन क्षेत्र में हाईटेक पावर ट्रांसमिशन:
- 25.83 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी उपकेंद्र जामगांव (आर) का निर्माण।
- 14 करोड़ रुपये से 132 केवी पाटन-जामगांव (आर) अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइन और पाटन उपकेंद्र में ₹2.50 करोड़ के अतिरिक्त बे निर्माण को मंजूरी।
मातृशक्ति के सशक्त होने से परिवार और समाज आत्मनिर्भर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारीशक्ति को देश के विकास की धुरी बनाया गया है। प्रतिमाह मिलने वाली ₹1000 की राशि केवल वित्तीय मदद नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने की स्वतंत्रता और आत्मसम्मान दे रही है। बहनें इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका संवर्धन में कर रही हैं। उन्होंने दोहराया कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का मार्ग महिलाओं के स्वावलंबन और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे से होकर ही गुजरता है।
